




बीकानेर // आचार्य महानंद वैदिक यज्ञ समिति के तत्वावधान में निःशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन वैशाख शुक्ल द्वादशी, 28 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। कर्मकांड भास्कर पंडित नथमल पुरोहित के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस यज्ञोपवीत संस्कार हेतु 26 अप्रैल (रविवार) तक फॉर्म स्वीकार किए जाएंगे।
समिति के किशन पुरोहित ने बताया कि अब तक 80 बटुकों का पंजीकरण हो चुका है। समिति के दाऊलाल कल्ला ने बताया कि सभी बटुकों को प्रातः 7:30 बजे तक पहुंचना होगा। रविंद्र आचार्य ने जानकारी दी कि गणेश पूजन, ब्रह्मा पूजन, षोडश मातृका, सप्तघृत मातृका एवं वेदमाता गायत्री पूजन के उपरांत सभी विप्र बालकों को यज्ञोपवीत धारण करवाया जाएगा तथा मंत्र दीक्षा दी जाएगी।
कार्यकर्ता पवन जोशी के अनुसार समिति का उद्देश्य वैदिक संस्कारों को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए यज्ञोपवीत संस्कार में होने वाले अपव्यय को रोकना है। इस कार्यक्रम के निमित्त मायरा, देराड़ी एवं किसी भी प्रकार का प्रीतिभोज करना सख्त मना है, तथा आयोजन में शामिल होने वाले सभी परिवारजन इस नियम का सहर्ष पालन करते हैं। गणेश आचार्य ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु महानंद मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
बैठक में शिव आचार्य, रोहित आचार्य, अमरचंद आचार्य, निखिल आचार्य, विजय नारायण, अमित नारायण, विनोद आचार्य, महेंद्र आचार्य, नमामि शंकर आचार्य एवं माधव बिस्सा सहित सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



