श्री जैन कन्या पी.जी. कॉलेज में मनाया खेल दिवस

शिक्षा

बीकानेर // हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आज श्री जैन कन्या पी.जी. महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाइयों द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया गया।

रासेयो प्रभारी विशाल सोलंकी ने बताया कि इस अवसर पर छात्राओं के बीच 100 मीटर दौड़ एवं रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा जहां व्यक्ति की मानसिक शक्ति को बढ़ाती है, वहीं खेलकूद शारीरिक मजबूती प्रदान करते हैं। तन और मन को स्वस्थ एवं तंदुरुस्त रखने के लिए विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलकूद गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।

रासेयो प्रभारी डॉ. पल्लवी चौहान एवं खेल प्रभारी अरुण सक्सेना ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का संचालन एवं व्यवस्थाएं संभालीं। इस अवसर पर छात्राओं के साथ-साथ संकाय सदस्यों ने भी खेलकूद गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आनंद लिया।

प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ में योगिता ने प्रथम, राजश्री ने द्वितीय तथा ज्योति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता में भूमिका एवं उनकी टीम विजयी रही। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में खेल भावना, टीमवर्क, अनुशासन एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।