



अभियान में सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
बीकानेर // सर्व कामगार सेवा संघ राजस्थान का एक शिष्टमंडल प्रदेशाध्यक्ष भंवर पुरोहित के नेतृत्व में बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा से मिला और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “नीलकंठ” को लेकर विस्तृत चर्चा की।
भंवर पुरोहित ने शहर में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह एक सराहनीय पहल है, लेकिन इसके साथ-साथ सट्टेबाजी, अवैध हथियारों के प्रसार, जुआ और अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा ऊंची ब्याज दर (बीस रुपये सैकड़ा) पर लेन-देन जैसी गतिविधियों पर भी सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन कुरीतियों के कारण युवाओं में अपराध प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि ऑपरेशन “नीलकंठ” में सामाजिक संगठनों की भूमिका तय की जाए और उनका सहयोग लिया जाए, ताकि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
प्रदेश महामंत्री आर.एस. हर्ष ने कहा कि संघ की पूरी टीम समाज में व्याप्त इन बुराइयों के उन्मूलन के लिए पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करने को तैयार है।
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि इस अभियान में सामाजिक संगठनों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों की भूमिका भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि समाज से इन बुराइयों का प्रभावी ढंग से उन्मूलन किया जा सके।
इस अवसर पर शिष्टमंडल में संघ के उपाध्यक्ष रमेश चंद्र उपाध्याय, प्रदेश मंत्री धन्नादास, संगठन मंत्री सुभाष पुरोहित, प्रचार मंत्री कैलाश सारस्वत और जगदीश शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




