40 हजार नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य, ABVP ने शुरू किया सदस्यता अभियान; स्कूलों से लेकर यूनिवर्सिटी तक चलेगा महाअभियान

राजनीति

बीकानेर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सोमवार से अपने वार्षिक सदस्यता अभियान का आगाज कर दिया। अभियान के शुभारंभ पर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि जोधपुर प्रांत में इस वर्ष 1.83 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें बीकानेर विभाग के लिए 40 हजार छात्र-छात्राओं को परिषद से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रांत सह मंत्री पूनम मेड़तिया ने कहा कि एबीवीपी विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो छात्रहित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, खेल और व्यक्तित्व विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित कर उन्हें राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने का कार्य करती है।

उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान दो चरणों में संचालित होगा। पहला चरण 21 से 30 जुलाई तक विद्यालयों में तथा दूसरा चरण 3 से 12 अगस्त तक महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में चलाया जाएगा। अभियान के दौरान बीकानेर विभाग के सभी जिलों, नगरों और परिसरों में कार्यकर्ता व्यापक जनसंपर्क कर विद्यार्थियों को परिषद की विचारधारा, छात्रहित में किए गए आंदोलनों, संघर्षों एवं सेवा कार्यों की जानकारी देंगे।

मेड़तिया ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और सेवा के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़ी संख्या में एबीवीपी से जुड़कर राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता में विभाग संयोजक मेहुल शर्मा तथा बीकानेर जिला संयोजक करण जाड़ीवाल भी उपस्थित रहे।